*हरदा में कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, किसानों की 5 प्रमुख मांगों पर सरकार को 3 अगस्त तक का अल्टीमेटम*…. …… *जीतू पटवारी के नेतृत्व में हरदा में किसान महाचौपाल, मांगें नहीं मानीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी*… ….. *किसानों के हक में कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन*….. …… *मूंग खरीदी, खाद, बीमा और स्मार्ट मीटर पर कांग्रेस का हल्ला बोल, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी*…… *

हरदा में कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, किसानों की मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट:यश पांडे

हरदा। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे तथा किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान के नेतृत्व में शुक्रवार को कृषि उपज मंडी हरदा में ‘हल्ला बोल आंदोलन’ एवं किसान महाचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
महाचौपाल के बाद कांग्रेस नेताओं ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सरकार से 3 अगस्त तक मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की गई। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि किसानों की मूंग की शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाए, खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए, खरीदी की अवधि 10 अगस्त से बढ़ाकर 30 अगस्त तक की जाए तथा स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त की जाए।
इसके अलावा 15 जुलाई 2026 को छोटी हरदा के पास किसानों द्वारा किए गए चक्काजाम के दौरान दर्ज किए गए प्रकरण वापस लेने, किसानों को बिना ई-टोकन प्रणाली के सुगमता से यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराने, वर्ष 2025 की खरीफ सोयाबीन फसल बीमा राशि में हुई विसंगतियों को दूर कर पात्र किसानों को उचित बीमा राशि देने तथा जिले में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसान खरीदी, खाद और फसल बीमा जैसी समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन साई, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत टाले, इंद्रसेन देशमुख, संगठन मंत्री गोविंद सुरमा, विधायक डॉ. आर.के. दोगने, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, ओम पटेल, जिला उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, जिला प्रभारी रचना जैन, रानू दशरथ पटेल, आशुतोष कोठारी, रामदास बाबूजी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमिला ठाकुर, सूरज सिंह राजपूत, सुरेंद्र पटेल, विनोद पटेल, गोविंद व्यास, शंकर सिंह सोलंकी, गंगाराम, दीपक वशिष्ठ सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।




