*30 जुलाई को खिरकिया नगर परिषद के खिलाफ कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भ्रष्टाचार और बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर होगा विशाल धरना*

30 जुलाई को खिरकिया नगर परिषद के खिलाफ कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भ्रष्टाचार और बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर होगा विशाल धरना
रिपोर्ट:यश पांडे

खिरकिया। नगर परिषद खिरकिया की कथित विफल कार्यप्रणाली, भ्रष्टाचार, घटिया गुणवत्ता के सड़क एवं नाली निर्माण, दूषित पेयजल और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने 30 जुलाई को विशाल धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन छीपाबड़ स्थित महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित होगा, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक शामिल होंगे।
युवा कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र राजपूत ने प्रेस नोट जारी कर आरोप लगाया कि वर्तमान नगर परिषद का कार्यकाल चार वर्ष पूरा होने के बावजूद खिरकिया में विकास कार्य नगण्य रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश, प्रदेश और नगर परिषद में भाजपा की सरकार होने के बावजूद नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि छीपाबड़ तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर लगभग 65 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन धरातल पर केवल दो घाटनुमा सीढ़ियां ही दिखाई देती हैं। वहीं प्राचीन गौमुख के सौंदर्यीकरण को नगर परिषद अध्यक्ष का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया गया था, लेकिन आज तक अपेक्षित कार्य नहीं हो सके। राजपूत का आरोप है कि इन योजनाओं में विकास की बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है।
भूपेंद्र राजपूत ने कहा कि वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष खिरकिया के इतिहास की सबसे निष्क्रिय अध्यक्ष साबित हुई हैं। नगर परिषद की लापरवाही के कारण नागरिक दूषित पेयजल, जर्जर सड़कों, अधूरी नालियों, साफ-सफाई की कमी और अन्य बुनियादी समस्याओं से परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को आयोजित धरना-प्रदर्शन में विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं, नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। कांग्रेस ने इसे जनहित का आंदोलन बताते हुए क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है।




