*जैन संत-साध्वियों की सुरक्षा की मांग को लेकर खिरकिया में मौन जुलूस, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन*…….. *रीवा घटना के विरोध में खिरकिया में जैन समाज सड़कों पर, संतों की सुरक्षा को लेकर उठाई आवाज*….. …….. *संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करो” : खिरकिया में सकल जैन समाज का शांतिपूर्ण प्रदर्शन*


जैन संतों की सुरक्षा को लेकर सकल जैन समाज का मौन जुलूस, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
रीवा की घटना पर जताया रोष, संत-साध्वियों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने की मांग


रिपोर्ट:यश पांडे
देखे वीडियो
खिरकिया। जैन संतों एवं साध्वियों की पद-विहार के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को स्थानीय सकल जैन समाज ने नगर में मौन जुलूस निकालकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। समाजजनों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौंपते हुए जैन संतों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
रीवा में पूज्य साध्वियों के साथ हुई दुखद घटना के विरोध में समाजजनों ने जैन मंदिर से एसडीएम कार्यालय तक शांतिपूर्ण मौन जुलूस निकाला। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जिसमें महिलाएं, युवा और वरिष्ठजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने मौन रहकर श्रद्धांजलि अर्पित की और विरोध दर्ज कराया।
एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जैन संत-साध्वी भारतीय संस्कृति में त्याग, तपस्या और अहिंसा के जीवंत प्रतीक हैं। वे आजीवन पैदल विहार कर धर्म और मानवीय मूल्यों का संदेश देते हैं, लेकिन लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से उनकी सुरक्षा को लेकर समाज में गहरी चिंता बनी हुई है।
समाजजनों ने हाल ही में रीवा में हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर पद-विहार करने वाले संतों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था, सुरक्षा गाइडलाइन, चेतावनी संकेतक और पायलट वाहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
ज्ञापन में राष्ट्रीय स्तर पर संतों की सुरक्षा को लेकर सख्त कानून बनाए जाने की भी मांग की गई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर चंपालाल भंडारी, रमेशकुमार जैन, मनोज जैन, अनिल मुणोत, ज्ञानचंद मेहता, इन्दरचंद श्रीमाल, कैलाशचंद जैन, विनोद जैन, विवेक जैन, धनंजय जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।



