*गांव-गांव पहुंचेगी सरकार’ प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग ने जनविश्वास अभियान का किया आगाज़*….. *जनविश्वास अभियान की शुरुआत: हर शुक्रवार गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान*…. *करताना से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का संदेश, प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग ने जनता से किया सीधा संवाद*……

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की शुरुआत: प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग बोले हर शुक्रवार गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान
रिपोर्ट: यश पांडे


हरदा, 7 अगस्त। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को हरदा जिले के ग्राम करताना स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय में क्लस्टर स्तरीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक शुक्रवार को शासकीय अमला गांवों में पहुंचकर न केवल नई शिकायतें सुनेगा, बल्कि लंबे समय से लंबित प्रकरणों का भी समाधान करेगा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और प्रदेश सरकार भी किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, मजदूरों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में विशेष प्राथमिकता के साथ काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षणिक वातावरण की जानकारी ली तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर और सर्वसुविधायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र और हितलाभ वितरित किए गए। विद्या आसन अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में बेंच दान करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। उद्यानिकी विभाग, लाड़ली लक्ष्मी योजना, पोषण अभियान, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना, राजस्व विभाग और श्रम विभाग की संबल योजना के हितग्राहियों को भी लाभ प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में पूर्व चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरनाथ पटेल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन पुरस्कार देने की घोषणा की। वहीं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष संदीप पटेल, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक, जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ जोनाथन, जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी, जिला परियोजना समन्वयक गरिमा टोप्पो सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




