Uncategorized

*बस किराए में 50 से 75% तक बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हमला, आदित्य गार्गव बोले– जनता पर महंगाई की एक और मार*

*बस किराए में 50 से 75% तक बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हमला, आदित्य गार्गव बोले– जनता पर महंगाई की एक और मार*

रिपोर्ट:यश पांडे

हरदा। निजी बसों के किराए में की गई भारी बढ़ोतरी को लेकर जिला कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने परिवहन विभाग के निर्णय को जनविरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किराए में 50 से 75 प्रतिशत तक की वृद्धि से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

आदित्य गार्गव ने कहा कि प्रकाशित जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग ने प्रति किलोमीटर बस किराया 1.25 रुपये से बढ़ाकर 2 रुपये कर दिया है। इसके चलते सामान्य, नॉन एसी, डीलक्स और एसी बसों के किराए में 10 से 50 प्रतिशत तक तथा कई प्रमुख मार्गों पर 50 से 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने कहा कि इस निर्णय का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों, छोटे व्यापारियों तथा इलाज के लिए आने-जाने वाले मरीजों पर पड़ेगा। पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए यह फैसला और अधिक परेशानी बढ़ाने वाला है।

आदित्य गार्गव ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व से पहले बस किराए में भारी वृद्धि कर प्रदेश सरकार ने “लाड़ली बहनों” को महंगाई का उपहार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करती है, वहीं दूसरी ओर आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी किराया वृद्धि पूरी तरह अनुचित, अव्यावहारिक और जनविरोधी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनता के हित में इस निर्णय की तत्काल समीक्षा कर बढ़ा हुआ किराया वापस लिया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!