*साइबर ठगों पर हरदा पुलिस का प्रहार, शुरू हुआ ‘SAFE CLICK-2026’ जागरूकता अभियान*…… *एसपी शशांक के नेतृत्व में हरदा में शुरू हुआ ‘SAFE CLICK-2026’, साइबर अपराधों के खिलाफ चलेगा 15 दिवसीय अभियान*….. *(देखे वीडियो)* *अब साइबर अपराधियों की खैर नहीं: हरदा में 15 दिवसीय ‘SAFE CLICK-2026’ अभियान का आगाज*…. ….. *ओटीपी फ्रॉड से डिजिटल अरेस्ट तक, साइबर खतरों से बचाएगा ‘SAFE CLICK-2026’ अभियान*


साइबर ठगी पर कसेगा शिकंजा: हरदा में “SAFE CLICK-2026 (2.0)” अभियान का शुभारंभ, 15 दिनों तक चलेगा जागरूकता अभियान
रिपोर्ट: यश पांडे
देखे वीडियो

हरदा। प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान “SAFE CLICK-2026 (2.0)” का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव द्वारा किया गया।
जिले में पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम हरदा में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। अभियान का प्रसारण जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी किया गया।
यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत नागरिकों को इंटरनेट, स्मार्टफोन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि समाज में साइबर स्वच्छता (Cyber Hygiene) की संस्कृति विकसित हो सके।
अभियान के दौरान हरदा पुलिस द्वारा ओटीपी फ्रॉड, सिम स्वैपिंग, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, हैकिंग, साइबर बुलिंग, पहचान की चोरी, फर्जी जॉब और लोन ऑफर, निवेश संबंधी धोखाधड़ी सहित विभिन्न साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
पुलिस विभाग स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बैंक परिसरों, हाट-बाजारों, शासकीय कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंच सके।
‘गोल्डन आवर’ में करें शिकायत, बच सकती है ठगी की रकम
हरदा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अनजान वीडियो कॉल, लॉटरी, त्वरित लोन और पार्ट-टाइम जॉब के लुभावने ऑफर्स से सावधान रहें। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाए तो घटना के बाद का पहला घंटा ‘गोल्डन आवर’ माना जाता है। इस दौरान तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने पर ठगी गई राशि को अपराधियों के खातों में फ्रीज कर वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।
हरदा पुलिस का संदेश है “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधियों से खुद को बचाएं।”




