*हरदा को बड़ी रेल सौगात: अमृत भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत पूर्व मंत्री कमल पटेल बोले हरदा की कनेक्टिविटी बढ़ी, अन्य ट्रेनों के स्टॉपेज के लिए करेंगे प्रयास*……… *नागपुर भुसावल इंटरसिटी ओर सचखंड ओर कर्नाटक एक्सप्रेस हमारा अगला लक्ष्य :कमल पटेल*…… *प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव केंद्रीय राज्य मंत्री हमारे सांसद डीडी उईके जी का हृदय से आभार:कमल पटेल* ….. *प्रदेश ओर राज्य में भाजपा की सरकार जनता के मंशानुरूप होंगे सभी विकास कार्य: कमल पटेल*


*
रिपोर्ट:यश पांडे



हरदा, 29 अप्रैल 2026। हरदा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को बनारस-हड़पसर-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस के पहली बार आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री श्री डी.डी. उइके ने कहा कि इस ट्रेन के प्रारंभ होने से हरदा एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और यात्री सुविधाओं को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और मध्यम व सामान्य वर्ग के यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है और यह सुविधा हरदा जिले के विकास में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कार्यक्रम में अतिथियों ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा रेल चालक दल का शॉल, श्रीफल और पुष्पहार से सम्मान किया। यात्रियों को भी शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री एवं किसान नेता कमल पटेल ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस के प्रारंभ होने से हरदा जिले की पुणे, बनारस सहित कई बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हरदा को पहले ही अमृत भारत स्टेशन की सौगात मिल चुकी है और अब अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव जिले के विकास में नया अध्याय जोड़ेगा। यह ट्रेन आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों को गति देगी।
कमल पटेल ने बताया कि हरदा जिले की ग्रामीण एवं शहरी जनता तथा भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लंबे समय से नागपुर-भुसावल इंटरसिटी और सचखंड एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग की जा रही है। इस मांग को लेकर वे केंद्रीय राज्य मंत्री श्री डी.डी. उइके के साथ रेल मंत्री से मुलाकात कर हरदा को अन्य ट्रेनों की सुविधा दिलाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार है, जनता की आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। हरदा जिले को रेल सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार नई सौगातें मिल रही हैं और आने वाले समय में भी और सुविधाएं दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ गत दिवस बनारस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। यह ट्रेन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिसमें प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, स्नैक टेबल, आरामदायक सीटें तथा स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है। ट्रेन में कुल 22 कोच हैं और यह 110 किमी प्रति घंटे की गति तक चल सकेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष भारती राजू कमेड़िया, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।




