*गैस सिलेण्डर की काला बाजारी न हो:कलेक्टर सिद्धार्थ जैन*….. *सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की अनदेखी पर कटेगी तनख्वाह* …… *हंडिया एवं जोगा में नर्मदा नदी पर चलने वाली नावों में सुरक्षा इंतजाम रहें*…… *नल जल योजनाओं के उपभोक्ताओं को आवश्यक रूप से देना होगा जल कर – कलेक्टर*


गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्ती, CM हेल्पलाइन शिकायतों की अनदेखी पर कटेगी तनख्वाह
नर्मदा घाटों की नावों में सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य, जलकर नहीं देने वालों के कटेंगे नल कनेक्शन
हरदा, 18 मई 2026
रिपोर्ट:यश पांडे

हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले में रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी न होने पाए और घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यवसायिक कार्यों में न किया जाए।
कलेक्टर ने केटरर्स की बैठक बुलाकर उन्हें स्पष्ट निर्देश देने को कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में केवल व्यवसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाए। साथ ही पेट्रोल और डीजल वितरण व्यवस्था पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए ताकि उपभोक्ताओं को ईंधन की सुचारू उपलब्धता बनी रहे।
बैठक में CM हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर शिकायतें “अनअटेंडेड” पाई गईं तो संबंधित अधिकारी का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। प्रशासन की इस सख्ती से लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण की उम्मीद जताई जा रही है।
नर्मदा नदी पर हंडिया और जोगा घाटों में संचालित नावों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन गंभीर नजर आया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नावों में यात्रियों की सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
बैठक में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत जिले के सभी सरकारी भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही निजी मकान मालिकों को भी इसके लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया। नगर पालिका हरदा को शहर के पार्कों के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नल-जल योजनाओं को लेकर कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं से जलकर की वसूली अनिवार्य रूप से की जाए। जो उपभोक्ता जलकर देने में आनाकानी करें, उनके नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में कुपोषित बच्चों को सुपोषित श्रेणी में लाने के लिए चलाए जा रहे “पोषण प्रहरी अभियान”, राजस्व विभाग के सीमांकन एवं बंटवारा प्रकरणों, तथा “विद्या आसन अभियान” के तहत स्कूलों में बेंच उपलब्ध कराने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान CEO जिला पंचायत अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय, रजनी वर्मा, SDM हरदा अशोक डेहरिया, SDM टिमरनी संजीव कुमार नागू एवं SDM खिरकिया शिवांगी बघेल सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे।




