*खिरकिया में भक्तिभाव और उल्लास से निकला प्रभु पालना जी की शोभायात्रा: मस्तक पर धारण कर कराया नगर भ्रमण*

*खिरकिया में भक्तिभाव और उल्लास से निकला प्रभु पालना जी की शोभायात्रा: मस्तक पर धारण कर कराया नगर भ्रमण*
रिपोर्ट:यश पांडे


खिरकिया: पर्वाधिराज पर्यूषण महापर्व के पावन अवसर पर श्री श्वेतांबर जैन श्री संघ खिरकिया के तत्वावधान में प्रभु पालना जी की शोभायात्रा अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और अपार उत्साह के साथ निकाला गया। इस दौरान पूरा नगर भगवान महावीर के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।शोभायात्रा का शुभारंभ दोपहर 2:45 बजे स्थानीय मंदिर जी से हुआ, जिसके प्रमुख लाभार्थी नवयुवक मंडल रहे। शोभायात्रा मंदिर जी से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्ग एवं कृषि उपज मंडी गेट होते हुए जैन मांगलिक भवन पहुंची। शोभायात्रा में समाज के सभी वर्गों ने अभूतपूर्व सहभागिता की।
*मस्तक पर प्रभु पालना और श्रद्धा का सैलाब*
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण श्रद्धालुओं द्वारा अत्यंत भाव-विह्वल होकर प्रभु के पालने को अपने मस्तक पर धारण करना रहा। श्रावक-श्राविकाएं बारी-बारी से पूर्ण भक्तिभाव के साथ पालना जी को सिर पर उठाए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गहुंली और अक्षत से प्रभु की अगवानी की।
*रात्रि में सुमधुर स्तवनों से गूंजा उपाश्रय*
रात्रि 8:00 बजे नए उपाश्रय भवन में भव्य प्रभु भक्ति जागरण का आयोजन हुआ। महिला मंडल एवं नवयुवक मंडल के सदस्यों ने एक से बढ़कर एक भावपूर्ण प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। भक्ति संध्या के दौरान जब—
“त्रिशला नंदन वीर की, जय बोलो महावीर की…”
“म्हारा घट में बिराजो महावीर, मने तारो जी तारो भगवान…”
जैसे सुमधुर स्तवन गूंजे, तो श्रद्धालु भाव-विह्वल होकर झूम उठे। अंत में आरती एवं मंगल दीपक के साथ भक्ति भावना का भावभीना समापन हुआ।




