*खिरकिया में स्वास्थ्य सेवा का महाअभियान: 304 मरीजों का नि:शुल्क उपचार*…… *विश्व नवकार दिवस पर सेवा का संकल्प : 304 मरीजों ने उठाया नि:शुल्क शिविर का लाभ*…. *(देखे वीडियो)*


मानवता की मिसाल: खिरकिया में लगे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 304 मरीजों को मिला उपचार और मार्गदर्शन
रिपोर्ट: यश पांडे


खिरकिया। “नर सेवा ही नारायण सेवा” के पावन संकल्प के साथ विश्व नवकार दिवस के उपलक्ष्य में 5 अप्रैल रविवार को खिरकिया के समता परिसर (समता भवन) में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य का आयोजन श्री श्वेतांबर जैन श्री संघ, खिरकिया एवं वेलनेस सेंटर, हरदा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इस शिविर में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। कुल 304 मरीजों ने शिविर का लाभ लेते हुए न केवल स्वास्थ्य परीक्षण कराया, बल्कि विशेषज्ञ डॉक्टरों से उचित परामर्श और मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।

शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। आयुर्वेदाचार्य डॉ. अमन गिरी ने जोड़ों के दर्द, गठिया, साइटिका, लकवा एवं न्यूरो संबंधी रोगों का उपचार किया। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवम सातनकर ने कील-मुहांसों, झुर्रियों, सोरायसिस एवं एक्जिमा जैसी समस्याओं पर परामर्श दिया। वहीं महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेरणा धमनानी अग्रवाल ने स्त्री एवं प्रसूति रोगों सहित बांझपन से जुड़ी समस्याओं का निराकरण किया। गुदा एवं पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवम अवस्थी ने पाइल्स, गैस, एसिडिटी, फिशर एवं अपच जैसी समस्याओं का समाधान बताया। शिविर में वेलनेस सेंटर के संचालक डॉ. आदर्श शुक्ला (एम.डी.) की सेवाएं भी विशेष रूप से सराहनीय रहीं।

इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में श्री श्वेतांबर जैन श्री संघ, खिरकिया एवं सरपंच संघ जनपद अध्यक्ष श्रीमती रानू दशरथ पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में पवन मुणोत, रूपेश भंडारी, मयूर विनायक, पारस चोरड़िया, रौनक सांड, श्रेणिक भंडारी, पंकज कोटेचा, राजकुमार रांका, निर्मल विनायक, मोहन सोनी, पनराज मुणोत, बसंत भंडारी सहित समता महिला मंडल एवं नगर के अनेक सेवा भावी नागरिकों ने सक्रिय सहयोग दिया।
श्री वेलनेस सेंटर, हरदा के कीर्ति पाटनी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें। सभी डॉक्टरों ने भी मरीजों की सरलता और सहयोग की भावना की सराहना करते हुए आयोजक टीम का आभार व्यक्त किया।
शिविर के अंत में सभी डॉक्टरों का तिलक एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
इस आयोजन की जानकारी आशीष समदड़िया द्वारा प्रदान की गई।
एक दिन का यह शिविर, सैकड़ों लोगों के लिए बना स्वास्थ्य और जागरूकता का आधार।




