*नन्हे राधा-कृष्ण ने मोहा मन, मटकी फोड़ में दिखा उत्साह*…. *लिटिल लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी*

नन्हे राधा-कृष्ण ने मोहा मन, मटकी फोड़ में दिखा उत्साह
लिटिल लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
रिपोर्ट:यश पांडे


खिरकिया। लिटिल लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, फूलों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया, जिसने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम और कृष्ण लीलाओं पर आधारित नाटक रहे। राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजे बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं और शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कृष्ण जन्मोत्सव का जीवंत मंचन
विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का सुंदर मंचन किया। कृष्ण जन्मोत्सव की प्रस्तुति इतनी जीवंत रही कि पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं राधा-कृष्ण के प्रेम और गोपियों के साथ रासलीला पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बच्चों ने अपनी नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश भी दिया कि अधर्म पर हमेशा धर्म और सत्य की विजय होती है।
भजनों पर थिरके नन्हे कदम, मटकी फोड़ ने बढ़ाया उत्साह
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ‘यशोदा का नंदलाला’ और ‘वो कृष्णा है’ जैसे लोकप्रिय भजनों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। इसके बाद आयोजित पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। मटकी फूटते ही विद्यालय परिसर हर्ष और तालियों से गूंज उठा।
विद्यालय के प्रिंसिपल एल.एन. राजपूत ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण पूरी तरह ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से कृष्णमय नजर आया।




