*भाजपा चारूवा मंडल की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, पर्यावरण संरक्षण और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन*


भाजपा चारूवा मंडल की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, पर्यावरण संरक्षण और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन
रिपोर्ट:यश पांडे


चारूवा। भारतीय जनता पार्टी चारूवा मंडल की कार्यकारिणी बैठक आज जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं मंडल प्रभारी विनीत गीते के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में सोशल मीडिया जिला संयोजक आशुतोष गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राजपूत सहित मंडल पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक एवं सहसंयोजक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में केंद्र की मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, विश्व पर्यावरण दिवस, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तथा संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति, आगामी दायित्वों एवं जनसंपर्क अभियान को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बैठक के पश्चात गुप्तेश्वर गौशाला परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण को प्रदूषित करने वाले कार्यों से दूर रहने की शपथ ली।
कार्यक्रम में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने का भी संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-संवेदनशील भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं संगठन सुदृढ़ीकरण के संकल्प के साथ हुआ।




