*खिरकिया के विकास का रिपोर्ट कार्ड पेश, अंतिम स्वतंत्रता दिवस संबोधन में भावुक हुईं अध्यक्ष इंद्रजीत खनूजा*……. *10 करोड़ के विकास कार्य, 6 करोड़ के काम जारी… खिरकिया में अध्यक्ष खनूजा ने गिनाईं उपलब्धियां*…… *विकास की नई उड़ान पर खिरकिया, अंतिम संबोधन में बोलीं अध्यक्ष खनूजा यह अंत नहीं, नए संकल्प की शुरुआत है*…… //////// *गांधी चौक से विकास का संदेश: अध्यक्ष इंद्रजीत खनूजा ने गिनाईं चार साल की उपलब्धियां*….. ////////////// *खिरकिया को मिले करोड़ों के विकास कार्य, अध्यक्ष खनूजा ने बताया आगामी साल का विजन*

खिरकिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह: विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं, अंतिम संबोधन में भावुक हुईं नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रजीत महेंद्र सिंह खनूजा
रिपोर्ट:यश पांडे


खिरकिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खिरकिया के ऐतिहासिक गांधी चौक पर नगर परिषद द्वारा गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती रानू दशरथ पटेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान नगर के पार्षद, एल्डरमैन, दोनों राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं नेता, अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।


समारोह को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इंद्रजीत महेंद्र सिंह खनूजा ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहर का विकास केवल सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन में सुविधाओं और खुशहाली से होता है।
चार वर्षों में करीब 10 करोड़ के विकास कार्य
अध्यक्ष खनूजा ने बताया कि पिछले चार वर्षों में केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उइके एवं पूर्व मंत्री श्री कमल पटेल के सहयोग से नगर में लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूर्ण कराए गए हैं। वहीं करीब 6 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगतिरत हैं। लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये के नए विकास कार्यों के टेंडर भी पूरे हो चुके हैं, जिन पर आगामी एक माह में काम शुरू होने की बात कही गई।
गांधी चौक के कायाकल्प से लेकर पाइपलाइन तक पर जोर
उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक गांधी चौक के नवनिर्माण के लिए 13 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है और निविदा प्रक्रिया जारी है। वहीं वर्षों पुरानी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलने के लिए 50 लाख रुपये की निविदा जारी की गई है।
हजारों परिवारों को योजनाओं का लाभ
नगर परिषद अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली बहना, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, राशन पात्रता पर्ची एवं संबल 2.0 जैसी योजनाओं की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रथम चरण में 1,396 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि दूसरे चरण के 165 हितग्राहियों को प्रथम किस्त दी जा चुकी है।
लाड़ली बहना योजना के प्रथम चरण में 3,662 पात्र महिलाओं, पीएम स्वनिधि योजना में 2,269 हितग्राहियों, आयुष्मान योजना के तहत 5,522 लोगों तथा राशन पात्रता पर्ची के माध्यम से 2,804 लोगों को लाभ मिलने की जानकारी दी गई। संबल 2.0 योजना के तहत 1,435 परिवारों को सहायता प्रदान की गई।
आने वाला एक वर्ष विकास के लिए अहम
अध्यक्ष ने आगामी एक वर्ष के लिए परिषद की प्राथमिकताएं भी सामने रखीं। उन्होंने कहा कि परिषद का शेष कार्यकाल नगर के लिए ऐतिहासिक साबित करने का प्रयास रहेगा। इसमें आधुनिक बस स्टैंड, युवाओं के लिए खेल स्टेडियम, धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए गीता भवन, विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक लाइब्रेरी, गांधी चौक का नवनिर्माण और खान-पान एवं व्यापार को बढ़ावा देने के लिए चाट चौपाटी बाजार प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं।
अंतिम स्वतंत्रता दिवस संबोधन में भावुक हुईं अध्यक्ष
अपने संबोधन के अंतिम हिस्से में नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रजीत खनूजा भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि एक सामान्य एवं मध्यमवर्गीय परिवार की गृहिणी के रूप में नगरवासियों ने उन पर जो विश्वास और सम्मान जताया है, उसका ऋण वे जीवनभर नहीं चुका सकतीं।
उन्होंने कहा कि परिषद अध्यक्ष के रूप में स्वतंत्रता दिवस का यह उनका अंतिम संबोधन है और संभवतः गांधी चौक के इस प्रांगण में भी यह उनका अंतिम पड़ाव है। हालांकि उन्होंने इसे अंत नहीं, बल्कि नए संकल्प की शुरुआत बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि परिषद के कार्यकाल के अंतिम गणतंत्र दिवस का समारोह इसी ऐतिहासिक गांधी चौक के नए, भव्य और सुंदर स्वरूप में आयोजित हो।
अंत में उन्होंने नगरवासियों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और खुशहाल बनाने में सहयोग देने का आह्वान करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह का समापन “जय हिंद, जय भारत और भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।




