*हरदा के 148 गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी, शहीद दीप सिंह चौहान माइक्रो लिफ्ट परियोजना की डीपीआर तैयार* …… *पूर्व मंत्री कमल पटेल की पहल से हरदा के 148 गांवों तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी, डीपीआर को मिला अंतिम रूप* ….. *1.62 लाख एकड़ भूमि होगी सिंचित, कमल पटेल ने सिंचाई परियोजना की डीपीआर को दिया अंतिम रूप* *हरदा को शत-प्रतिशत सिंचित बनाने की दिशा में बड़ा कदम*….. *टेल क्षेत्र के किसानों के लिए खुशखबरी: खेत-खेत पहुंचेगा सिंचाई का पानी*

हरदा के 148 गांवों तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी, शहीद दीप सिंह चौहान माइक्रो लिफ्ट परियोजना की डीपीआर को मिला अंतिम रूप
पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने अधिकारियों संग तीन घंटे की बैठक में तैयार की अंतिम डीपीआर, 1.62 लाख एकड़ भूमि होगी सिंचित
रिपोर्ट: यश पांडे


हरदा। हरदा जिले को शत-प्रतिशत सिंचित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने गुरुवार को सिंचाई विभाग एवं नर्मदा बेसिन विकास प्राधिकरण (एनबीडीए) के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर शहीद दीप सिंह चौहान माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना की डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) को अंतिम रूप दिया। लगभग तीन घंटे चली बैठक में 148 गांवों को लाभान्वित करने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से हरदा जिले के टेल क्षेत्र के उन गांवों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा, जहां नहरें होने के बावजूद किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। परियोजना के पूर्ण होने पर जिले के 148 गांवों की 1 लाख 62 हजार 251 एकड़ कृषि भूमि सिंचित होगी।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को इस योजना की घोषणा की गई थी, जिसके बाद उनकी मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 18 मार्च को हरदा प्रवास के दौरान इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की थी। अब डीपीआर तैयार होने के बाद इसे शासन स्तर पर भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
कमल पटेल ने कहा कि यह परियोजना विशेष रूप से उन गांवों के लिए वरदान साबित होगी जो वर्तमान में शहीद ईलाप सिंह सिंचाई परियोजना एवं गंजाल मोरंड सिंचाई परियोजना के दायरे से बाहर हैं। माइक्रो लिफ्ट प्रणाली के तहत पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से खेत-खेत तक पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शासन से शीघ्र स्वीकृति मिलने के बाद यह योजना हरदा जिले के कृषि विकास में मील का पत्थर साबित होगी तथा जिले को शत-प्रतिशत सिंचित बनाने का सपना साकार होगा।
बैठक में सिंचाई विभाग की कार्यपालन यंत्री सोनम वाजपेयी, एसडीओ रोहन विल्यम्स, मौसम पोर्ते, विनीत बोरयाले, सब इंजीनियर प्रेमित पाटिल एवं कमलेश काजले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




