*खिरकिया को मिलेगी बेहतर रेल कनेक्टिविटी? 4 ट्रेनों के स्टॉपेज और नागपुर के लिए नई रेल सेवा की उठी मांग*…. *(देखे वीडियो)*….. *नगर विकास समिति ने केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइके, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा से की पहल की अपील*…… *(देखे वीडियो)* *खिरकिया से नागपुर रेल कनेक्टिविटी को लेकर गंभीर दिखे कमल पटेल, बोले क्षेत्र में सुगम रेल यातायात के लिए लगातार कर रहे प्रयास*

खिरकिया को मिलेगी बेहतर रेल कनेक्टिविटी? 4 ट्रेनों के स्टॉपेज और नागपुर के लिए नई रेल सेवा की उठी मांग
नगर विकास समिति ने केंद्रीय मंत्री डीडी उइके, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा से की पहल की अपील | जयपुर वापसी ट्रेन 17019 के स्टॉपेज सहित अहमदाबाद, काचीगुड़ा और बनारस की ट्रेनों को खिरकिया में ठहराव देने की मांग
रिपोर्ट:यश पांडे
खिरकिया। खिरकिया नगर एवं आसपास के क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। नगर विकास समिति खिरकिया ने क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री एवं हरदा-बैतूल सांसद दुर्गादास उइके, पूर्व कृषि मंत्री एवं किसान नेता कमल पटेल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा से आवश्यक पहल करने की अपील की है। समिति ने खिरकिया रेलवे स्टेशन पर चार प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज के साथ ही नागपुर के लिए नई रेल सेवा शुरू करने की मांग रखी है।
जयपुर से वापसी की ट्रेन का भी हो स्टॉपेज
समिति ने सबसे प्रमुख मांग ट्रेन क्रमांक 17019 के खिरकिया स्टेशन पर ठहराव की रखी है। समिति का कहना है कि ट्रेन क्रमांक 17020 का खिरकिया में स्टॉपेज होने से यात्रियों को जयपुर जाने की सुविधा मिलती है, लेकिन जयपुर से वापसी के दौरान ट्रेन क्रमांक 17019 का खिरकिया में ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी होती है। ऐसे में दोनों दिशाओं में स्टॉपेज होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है।
इन चार ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
नगर विकास समिति ने खिरकिया स्टेशन पर निम्न ट्रेनों के ठहराव की मांग की है—
1. ट्रेन क्रमांक 17019 — जयपुर से वापसी के दौरान खिरकिया में स्टॉपेज।
2. ट्रेन क्रमांक 19435/36 — अहमदाबाद–आसनसोल–अहमदाबाद का खिरकिया में ठहराव।
3. ट्रेन क्रमांक 17605/06 — काचीगुड़ा–भगत की कोठी–काचीगुड़ा का खिरकिया में स्टॉपेज।
4. ट्रेन क्रमांक 22589/90 — बनारस–हड़पसर–बनारस का खिरकिया में ठहराव।
नागपुर के लिए सीधी रेल सेवा की भी मांग
नगर विकास समिति ने ओंकारेश्वर–सनावद–इटारसी–नागपुर अथवा भुसावल–इटारसी–नागपुर के बीच पूर्व में संचालित रेल सेवा को पुनः शुरू करने की मांग भी उठाई है।
समिति का कहना है कि नागपुर शिक्षा, चिकित्सा और व्यापार की दृष्टि से मध्यप्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। यदि इस मार्ग पर रेल सेवा पुनः शुरू होती है तो खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकता है। खासकर नागपुर में उपचार कराने जाने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी।
वरिष्ठ पत्रकार राजेश मेहता ने उठाया नागपुर कनेक्टिविटी का मुद्दा
वरिष्ठ पत्रकार राजेश मेहता ने खिरकिया को नागपुर से बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस मांग को पूर्व कृषि मंत्री एवं किसान नेता कमल पटेल ने गंभीरता से लेते हुए कहा कि क्षेत्र में ट्रेनों के स्टॉपेज के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डीडी उइके के साथ वे स्वयं भी इस विषय को लेकर प्रयास करेंगे।
कई लोकसभा क्षेत्रों की जनता को मिलेगा फायदा
समिति के अनुसार नागपुर के लिए सीधी रेल सेवा शुरू होने से इसका लाभ केवल खिरकिया या हरदा जिले तक सीमित नहीं रहेगा। इससे बैतूल, खंडवा, नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा सहित कई लोकसभा क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकती है।
समिति ने कहा कि खिरकिया कृषि प्रधान क्षेत्र होने के साथ तेजी से विकसित हो रहा है। यहां से विद्यार्थी, किसान, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और आम नागरिक बड़ी संख्या में विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। पर्याप्त ट्रेनों के ठहराव के अभाव में यात्रियों को आसपास के बड़े रेलवे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
स्टॉपेज बढ़े तो व्यापार और विकास को भी मिलेगी रफ्तार
नगर विकास समिति का कहना है कि खिरकिया स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को आवागमन में राहत मिलेगी तथा खिरकिया की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
समिति ने केंद्रीय रेल मंत्रालय एवं संबंधित रेलवे अधिकारियों के समक्ष इन मांगों को प्रभावी ढंग से रखने और शीघ्र कार्रवाई कराने की अपील जनप्रतिनिधियों से की है।
नगर विकास समिति खिरकिया के अध्यक्ष अनिल दरबार, प्रवक्ता महेंद्र सिंह खनूजा एवं सचिव राजेश मेहता ने क्षेत्र की जनता की ओर से इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द पहल किए जाने की अपेक्षा जताई है।




