*राजीव गांधी की जयंती पर शहर कांग्रेस ने किया नमन, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद*

राजीव गांधी की जयंती पर शहर कांग्रेस ने किया नमन, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद
रिपोर्ट:यश पांडे

खिरकिया। शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष असलम पठान ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वे आधुनिक भारत के निर्माता और देश में सूचना एवं तकनीकी क्रांति के अग्रदूत थे। उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत मानते हुए भारत को 21वीं सदी का आधुनिक राष्ट्र बनाने का सपना देखा। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने तथा युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक भागीदारी का अवसर देने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
असलम पठान ने कहा कि राजीव गांधी का सरल व्यक्तित्व, दूरदर्शी सोच और देश के विकास के प्रति समर्पण आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं देशवासियों को प्रेरणा देता है। उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में पूर्व नगर अध्यक्ष रिंकू पगारे, आशुतोष कोठारी, सावन शर्मा, मंजीत बघेल, गोल्डी कुशवाह, बंटी वर्मा, प्रवीण पाटिल, कमलेश राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




