*हरदा में सीएम डॉ. मोहन यादव का दौरा: पूर्व मंत्री किसान नेता कमल पटेल की कार्यकर्ताओं-किसानों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील* ………. *नेहरू स्टेडियम में कलेक्टर-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा, मंच से लेकर सुरक्षा, पेयजल व बैठक व्यवस्था तक हर पहलू की समीक्षा* … *रिपोर्ट:यश पांडे*


विस्तृत खबर
रिपोर्ट:यश पांडे


हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 18 मार्च को प्रस्तावित हरदा आगमन को लेकर जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। पूर्व कृषि मंत्री एवं किसान नेता कमल पटेल ने बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और किसानों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा, इसलिए सभी कार्यकर्ता एवं किसान उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। उनके इस आह्वान के बाद संगठन स्तर पर भी तैयारियां तेज होती नजर आ रही हैं।

इधर जिला प्रशासन भी कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक शशांक ने नेहरू स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, हितलाभ वितरण, लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रमों सहित प्रदर्शनी की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने। विशेष रूप से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ जोनाथन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने अपने-अपने कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है, वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी इसे सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।




