*आधी रात को SP शशांक का औचक निरीक्षण, अस्त-व्यस्त मिले कोतवाली के कर्मचारियों को लगाई फटकार*….. *मध्यरात्रि में SP का थानों पर छापा, लापरवाही पर कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी*….. *कोतवाली में अव्यवस्था पर SP शशांक नाराज*…..


मध्यरात्रि में SP शशांक का औचक निरीक्षण, अस्त-व्यस्त मिले कोतवाली कर्मियों को लगाई कड़ी फटकार
रिपोर्ट:यश पांडे


हरदा, 13 मार्च 2026। जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने गुरुवार देर रात विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, ड्यूटी रजिस्टर, मालखाना, हवालात तथा रात्रि ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान थाना कोतवाली में कुछ कर्मचारी अस्त-व्यस्त स्थिति में पाए गए। इस पर पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और ड्यूटी के दौरान पूर्ण अनुशासन एवं सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने रात के समय कोतवाली, सिविल लाइन, टिमरनी और हंडिया थाना का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि गश्त नियमित रूप से की जाए, थाना परिसर की साफ-सफाई और अभिलेखों का संधारण व्यवस्थित रखा जाए तथा आमजन से संबंधित शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी-कर्मचारी नियमों का सख्ती से पालन करें।




