*पेयजल की शुद्धता को लेकर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एक्शन में है*…… *दूषित पानी पर जीरो टॉलरेंस: 181 पर शिकायत करें – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन* ……. *पेयजल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर ने अधिकारियों कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश*





पेयजल की शुद्धता में लापरवाही नहीं होगी: कलेक्टर सिद्धार्थ जैन
पेयजल में अशुद्धता मिलने पर 181 पर करें शिकायत
रिपोर्ट:यश पांडे


हरदा।
जिले में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने आमजन से अपील की है कि वे केवल शुद्ध पेयजल का ही उपयोग करें। यदि किसी भी स्थान पर पेयजल की अशुद्धता पाई जाती है, तो उसकी जांच हेतु 181 टोल-फ्री नंबर पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
शनिवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय विकास विभाग के अधिकारियों की आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में पेयजल पाइपलाइन एवं सीवर लाइन की गूगल ऐप के माध्यम से मैपिंग की जाए। जिन स्थानों पर सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन समानांतर चल रही हैं, उन्हें अलग करने के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि भविष्य में दूषित जल की आपूर्ति की स्थिति न बने।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में पेयजल से संबंधित लंबित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाए। साथ ही प्रत्येक नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत में पानी जांचने की टेस्टिंग किट उपलब्ध रखी जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में कहीं भी दूषित पेयजल की आपूर्ति स्वीकार्य नहीं होगी। नगरीय विकास एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी सतर्क रहते हुए सभी क्षेत्रों में शुद्ध और सुरक्षित पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करें।










