*अग्रवाल समाज व सेल्बी हॉस्पिटल का मेगा स्वास्थ्य शिविर सफल, सैकड़ों मरीजों को मिला विशेषज्ञ उपचार*


अग्रवाल समाज एवं सेल्बी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित, सैकड़ों मरीजों ने लिया लाभ
रिपोर्ट:यश पांडे



हरदा। अग्रवाल समाज एवं सेल्बी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में अग्रवाल धर्मशाला, हरदा में विशाल मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सेल्बी हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम तथा अग्रवाल समाज के संचालक मंडल की उपस्थिति में हुआ।
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. रोमित अग्रवाल एवं डॉ. ऋषभ चौहान, मस्तिष्क रोग विशेषज्ञ डॉ. सावन अग्रवाल, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेन्द्र बोरदिया, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सुयश अग्रवाल, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. वैभव अग्रवाल, डॉ. ईशा गुप्ता, डॉ. माधव बंसल एवं डॉ. नेहा अग्रवाल शामिल रहे।



स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच का लाभ उठाया। हड्डी एवं जोड़ रोग के 100, मस्तिष्क रोग के 50, हृदय रोग के 20, कैंसर रोग के 10 तथा फिजियोथेरेपी विभाग के 25 मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श किया गया। वहीं, शिविर के दौरान 10 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी संदेश भी दिया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना और लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक करना है। शिविर के सफल आयोजन पर अग्रवाल समाज एवं सेल्बी हॉस्पिटल की टीम ने सभी चिकित्सकों, रक्तदाताओं और लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया।




