*खिरकिया के विकास को रफ्तार देने की तैयारी: पूर्व मंत्री कमल पटेल के जरिए सीएम तक पहुंचीं अहम मांगें*… …… *बस स्टैंड से अस्पताल तक खिरकिया के 10 बड़े मुद्दे सीएम के सामने* ….. *सीएम आगमन से पहले खिरकिया का मास्टर प्लान तैयार, नगर परिषद ने सौंपा मांगपत्र*…. *नगर परिषद ने 10 प्रमुख मांगों का खाका सौंपा*…. ….. *पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के माध्यम से खिरकिया की मांगें सीएम तक, विकास कार्यों को लेकर बड़ी पहल*….


खिरकिया के विकास को लेकर बड़ा कदम: सीएम दौरे से पहले नगर परिषद ने सौंपा मांगों का ज्ञापन
पूर्व मंत्री किसान नेता कमल पटेल के माध्यम से सीएम डॉ. मोहन यादव तक पहुंचेंगी 10 अहम मांगें, बस स्टैंड से लेकर अस्पताल उन्नयन तक मुद्दे शामिल
रिपोर्ट:यश पांडे



हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित हरदा दौरे से पहले खिरकिया नगर परिषद ने क्षेत्र के विकास को लेकर सक्रिय पहल करते हुए एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा है। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इंद्रजीत कौर महेंद्रसिंह खनुजा द्वारा यह ज्ञापन पूर्व कृषि मंत्री एवं किसान नेता कमल पटेल के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
ज्ञापन में खिरकिया के समग्र विकास के लिए 10 प्रमुख मांगों को प्राथमिकता के साथ रखा गया है। नगर परिषद का कहना है कि पूर्व में भी इन मुद्दों को उठाया गया था, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं मिल पाया, ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन को अवसर मानते हुए पुनः मांगों को प्रमुखता से रखा गया है।

नगर परिषद ने बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड निर्माण, खिलाड़ियों के लिए खेल स्टेडियम हेतु भूमि आवंटन, सामुदायिक अस्पताल को सिविल अस्पताल का दर्जा देने तथा लंबे समय से लंबित आईटीआई भवन निर्माण के लिए बजट स्वीकृति की मांग की है।
वहीं, नगर में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए नया फायर फाइटर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई है। वर्तमान में उपलब्ध फायर वाहन जर्जर स्थिति में हैं, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में एंबुलेंस उपलब्ध कराने, पिछले दो वर्षों से लंबित विशेष निधि जारी करने तथा मुख्य मार्गों के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाने हेतु 1 करोड़ रुपये की मांग भी प्रमुख रूप से शामिल है।
इसके अलावा नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए खिरकिया में ही सब-रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने की मांग रखी गई है, ताकि लोगों को रजिस्ट्री कार्य के लिए हरदा न जाना पड़े। साथ ही छीपावड़ स्थित अटल सरोवर के सौंदर्यीकरण के लिए भी 1 करोड़ रुपये की मांग की गई है।
नगर परिषद अध्यक्ष ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन जनहितकारी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे खिरकिया के विकास को नई गति मिलेगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग, कमल पटेल एवं कलेक्टर हरदा को भी प्रेषित की गई है।




