*गोपाष्टमी पर हुआ गौसेवा का महापर्व “गौसेवा करने से ही सभी सेवाओं का लाभ मिल जाता है” : पं. संजय व्यास*….*गुप्तेश्वर गौशाला में गोपाष्टमी के पर्व पर हुआ अन्नकूट का आयोजन* *गौसेवा से मिलता है परम पुण्य : गोपाष्टमी पर संतों का संदेश*

—
गोपाष्टमी पर हुआ गौसेवा का महापर्व — “गौसेवा करने से ही सभी सेवाओं का लाभ मिल जाता है” : पं. संजय व्यास
रिपोर्ट:यश पांडे
चारूवा (हरिपुरा)

गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गुप्तेश्वर गौशाला चारूवा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कथा वाचक एवं गौशाला के पूर्व अध्यक्ष पंडित संजय व्यास ‘लोलंगारा वाले’ ने कहा कि “गौसेवा करने से ही सभी सेवाओं का लाभ मिल जाता है।”
उन्होंने बताया कि मथुरा राज्य के कुलगुरु शांडिल्य जी ने गोपाष्टमी का दिन भगवान श्रीकृष्ण के गौसेवा आरंभ करने का शुभ दिन बताया था। इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गौमाता को जंगल में चराने ले जाना प्रारंभ किया था, इसलिए यह दिन सारे मुहूर्तों का राजा माना जाता है।
पं. व्यास ने कहा कि “राजा भागीरथ ने भी निरंतर आठों पहर गौसेवा कर गंगा को पृथ्वी पर लाने का पुण्य अर्जित किया था। अतः गौसेवा ऐसी होनी चाहिए जो युगों-युगों तक फलदायी बनी रहे।”
इस अवसर पर कथा वाचक पंडित रमाकांत जोशी ‘छिदगांव वाले’ ने कहा कि समुद्र मंथन से जो दो अमूल्य वस्तुएँ मिलीं — गाय और संत, वही मानवता की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने आज ही के दिन पहली बार डंडा हाथ में लिया था, जिसका अर्थ था कि जो गौमाता को कष्ट देगा, वह दंड का भागी बनेगा।
कार्यक्रम में विद्या भारती ग्रामीण शिक्षा के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत शर्मा ने गौ अभयारण्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “गौमाताओं को वनों में जाने से रोकना उचित नहीं है, शासन को ऐसी रोक हटानी चाहिए।”
इस अवसर पर हरनारायण पटेल (छोटी हरदा) ने गौशाला की जमीन पर दुकानें निर्माण करवाने का प्रस्ताव रखा ताकि उनके किराए से गौशाला का खर्च चल सके। उन्होंने स्वयं ₹1,51,000 का प्रथम दान देकर सभी दानदाताओं को आगे आने का आह्वान किया।
गौशाला के संरक्षक शिवनारायण साध ने प्रस्ताव रखा कि क्षेत्र के सभी कथा वाचक आचार्य एकत्र होकर संकल्प लें कि वे अपनी कथाओं में गौरक्षा और गौसेवा को अनिवार्य रूप से शामिल करेंगे। इस पर पं. संजय व्यास और पं. रमाकांत जोशी ने अपनी सहमति दी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने गौमाताओं का पूजन, भोग अर्पण और ब्राह्मणों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्य रूप से उपस्थित अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोद, नर्मदा प्रसाद जानी, छतरसिंह पटेल (बोंडगांव), आदित्य पटेल, शिवनारायण निकम, बद्री पटेल (सांगवा), कमल राजपूत, गबुभाई, रामशंकर आजने, सत्यनारायण सोलंकी, नर्मदा पुनासे (जटपुरा), परसराम राजपूत, रामनाथ सिंह (पड़वा), थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान, कौशल दीक्षित, कमलसिंह ठाकुर, रणजीत पतुलकर, मंगुले बाबूजी (जयमलपुरा), शैतानसिंह सुरमा, नितिन यादव, भागीरथ पटेल, सुरेन्द्र मीणा सहित अनेक पदाधिकारी एवं गौसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिवनारायण साध और परसराम राजपूत ने किया, तथा आभार सुजीत शर्मा ने व्यक्त किया।
—




