*सीएम डॉक्टर मोहन यादव के दौरे के पहले ब्लॉक युवक कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह राजपूत ने उठाया खिरकिया के विकास का मुद्दा*….. *ओवरब्रिज से अस्पताल तक खिरकिया की समस्याएं लेकर सीएम से मिलने की तैयारी*


रेलवे ओवरब्रिज, स्टेडियम, आईटीआई, अस्पताल व सिंचाई समेत कई मुद्दों पर समाधान की मांग
रिपोर्ट:यश पांडे

हरदा। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित हरदा दौरे (18 मार्च 2026) को लेकर खिरकिया क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को उठाते हुए पूर्व ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राजपूत ने एक प्रेस नोट जारी कर मुख्यमंत्री से समय देने की मांग की है।
प्रेस नोट में बताया गया कि खिरकिया तहसील लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी और उपेक्षा का सामना कर रही है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से भेंट कर इन समस्याओं से अवगत कराना चाहता है, ताकि उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जा सकें।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा उठाया गया है। बताया गया कि आसपास के क्षेत्रों में ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, लेकिन खिरकिया में स्थान चयन के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हुआ, जिससे करीब 50 गांव और नगर के कई वार्ड प्रभावित हैं।
इसके अलावा खिरकिया में शासकीय खेल मैदान या स्टेडियम की कमी, तकनीकी शिक्षा संस्थान (आईटीआई/पॉलीटेक्निक) की आवश्यकता, कृषि उपज मंडी में अतिरिक्त तोल कांटे की मांग, शासकीय अस्पताल में महिला चिकित्सक की नियुक्ति, माचक नहर से टेल क्षेत्र तक सिंचाई पानी उपलब्ध कराने और आशापुर–हरदा स्टेट हाईवे के निर्माण जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए हैं।
प्रेस नोट में यह भी उल्लेख किया गया कि आशापुर–हरदा रोड का निर्माण पूर्व में घोषित होने के बावजूद बजट में शामिल नहीं किया गया, जबकि सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है।
भूपेंद्र सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री से इन सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश देने की मांग की है।




