*खिरकिया में नगर परिषद द्वारा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2026’ का शुभारंभ होगा जनभागीदारी से जल संरक्षण को मिलेगा नया बल*


खिरकिया में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2026’ का शुभारंभ आज, जनभागीदारी से जल संरक्षण को मिलेगा नया बल
रिपोर्ट:यश पांडे
खिरकिया | 18 मार्च 2026
जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को लेकर नगर परिषद खिरकिया द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” का आयोजन 19 मार्च से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। इस अभियान का शुभारंभ 19 मार्च को प्रातः 11 बजे गौमुख मंदिर परिसर में जल स्रोतों की साफ-सफाई के साथ किया जाएगा।

अभियान के तहत सर्व समाज की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न विभागों के सहयोग से कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इनमें नवीन जल संग्रहण संरचनाओं का निर्माण, भूजल संवर्धन, जल संरचनाओं की साफ-सफाई, मरम्मत एवं नवीनीकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ियों में रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित किए जाएंगे तथा औद्योगिक इकाइयों में भी वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दिया जाएगा। जल स्रोतों में प्रदूषण स्तर कम करने, जल वितरण प्रणालियों की नियमित सफाई, राजस्व रिकॉर्ड में जल संरचनाओं और नहरों का अंकन तथा मानसून के दौरान पौधारोपण जैसे कार्य भी अभियान का हिस्सा होंगे।
नगर परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) महेंद्र शेमा ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
यह अभियान न केवल जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी देता है।




