*टेमलवाड़ी के किसानों की मांग: खड़ी फसलों की सुरक्षा के लिए दिन में बिजली सप्लाई बंद हो*


टेमलवाड़ी के किसानों की मांग: खड़ी फसलों की सुरक्षा के लिए दिन में बिजली सप्लाई बंद हो

हरदा जिले के ग्राम टेमलवाड़ी में किसानों ने विद्युत वितरण कंपनी से खेती के लिए दी जाने वाली दिन की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद रखने का आग्रह किया है।
किसानों का कहना है कि इस समय गांव में गेहूं और चने की फसल पककर खेतों में खड़ी है। ऐसे में बिजली लाइनों में होने वाले शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग से खड़ी फसलों में आग लगने का खतरा बना रहता है। तेज हवा के दौरान यह खतरा और बढ़ जाता है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्राम टेमलवाड़ी के स्वतंत्र विचारक किसान मनोज विश्नोई ने इस संबंध में विद्युत वितरण कंपनी को पत्र लिखकर दिन के समय बिजली सप्लाई बंद रखने की मांग की है। उनका कहना है कि फसल कटाई तक यदि दिन में बिजली बंद रखी जाए तो आगजनी की संभावनाओं को कम किया जा सकता है।
किसानों ने प्रशासन और विद्युत वितरण कंपनी से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है, ताकि मेहनत से तैयार हुई फसल सुरक्षित रह सके।




