*कलेक्टर ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा*

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
रिपोर्ट:यश पांडे

हरदा | 9 फरवरी 2026 (सोमवार)
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने सोमवार को हरदा के विकास नगर स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के समय कलेक्टर ने क्लीनिक में उपलब्ध आवश्यक दवाओं के स्टॉक एवं उनके वितरण की जानकारी ली। उन्होंने डॉ. पूजा अहिरवार से गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, हीमोग्लोबिन जांच तथा अनमोल ऐप पर की जा रही एंट्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री जैन ने क्लीनिक में उपचार हेतु आई गर्भवती महिला श्रीमती आँचल गुप्ता से सीधे संवाद कर उनकी जांच, हीमोग्लोबिन स्तर एवं टीकाकरण की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों से उपचार की गुणवत्ता और स्टाफ के व्यवहार को लेकर फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं का नियमित पंजीयन करने एवं आवश्यकतानुसार आयरन सुक्रोज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने एपीएम डॉ. मदन मोहन मालवीय को क्लीनिक परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा पौधारोपण कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने संस्था में पदस्थ अधिकारियों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को नियमित रूप से सेवाएं उपलब्ध कराने तथा किए गए सभी कार्यों की जानकारी संबंधित पोर्टल पर समय पर एंट्री करने के निर्देश दिए।




