*24 घंटे में खुलासा: 6 वर्षीय मासूम का हत्यारा परिचित ही निकला*….. *सीसीटीवी बना गवाह, दरिंदे को पुलिस ने दबोचा*….. *कुरकुरे का लालच देकर मासूम की हत्या, आरोपी गिरफ्तार*….. *खंडहर स्कूल में मासूम की लाश, पुलिस ने सुलझाई गुत्थी*….. *तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज, 24 घंटे में हत्यारा गिरफ्तार*…… *गांव में छिपा बैठा था दरिंदा, पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया*…… *मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या, हरदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई*……





कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला हरदा
• 6 वर्षीय बालक हत्याकांड का खुलासा, परिचित ही निकला आरोपी
• घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
• तकनीकी साक्ष्य व सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता
रिपोर्ट:यश पांडे

दिनांक 12.02.2026 को ग्राम सुखरास स्थित पुराने मिडिल स्कूल के खंडहर में 6 वर्षीय बालक का शव मिलने की सूचना पर सूचनाकर्ता दिलीप की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग क्र. 06/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए एफएसएल टीम एवं फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को बुलाया गया। शव संदिग्ध अवस्था में मिलने पर परिजनों व साक्षियों से विस्तृत पूछताछ की गई।


प्राथमिक जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बालक के साथ दुष्कृत्य उपरांत हत्या की आशंका पुष्ट होने पर थाना सिविल लाइन हरदा में अपराध क्र. 53/2026 धारा 103(1) बी.एन.एस. एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 5m/6 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक हरदा श्री शशांक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा तथा एसडीओपी हरदा श्रीमति शालिनी परस्ते के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन हरदा श्री रामसुमेर तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम द्वारा गांव एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में मृत बालक को घटना स्थल की ओर जाते तथा उसके पीछे संदिग्ध रूप से भूरा उईके को जाते देखा गया। बाद में आरोपी अकेले वापस लौटता दिखाई दिया, जबकि बालक वापस नहीं आया।
गांव के बच्चों व स्थानीय व्यक्तियों से प्राप्त जानकारी तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।
आरोपी की स्वीकारोक्ति
आरोपी ने बताया कि उसने बालक को कुरकुरे खिलाकर मित्रता की और बड़ी बोर (बेर) दिलाने का लालच देकर सुनसान स्कूल में ले गया। वहां एक कमरे में दुष्कर्म किया तथा चिल्लाने पर मुंह दबाकर हत्या कर दी। शव को छिपाने के उद्देश्य से बेंच पर लिटाकर कपड़े से ढक दिया।
आरोपी भूरा पिता लक्ष्मीनारायण उईके (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम सुखरास, थाना सिविल लाइन हरदा को विधिवत गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण उपरांत माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
सराहनीय कार्य
इस गंभीर प्रकरण का त्वरित खुलासा थाना सिविल लाइन हरदा की टीम द्वारा किया गया, जिसमें उपनिरीक्षक श्री संतोष बामने, प्रधान आरक्षक 42 श्री अनिल मर्सकोले, आरक्षक 326 श्री वीरेन्द्र राजपूत, चालक 232 श्री सचिन चौधरी एवं सैनिक 139 श्री सूरज पासी का विशेष योगदान रहा।
जिला पुलिस हरदा द्वारा आमजन से अपील है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










