*सिराली में शिवमहापुराण कथा का आज भव्य समापन, आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हुआ पांडाल*….. *सात दिन शिव भक्ति और ज्ञान का संगम आज होगा शिवमहापुराण कथा का दिव्य समापन*


शिवमहापुराण कथा का आज होगा भव्य समापन, दिव्य आध्यात्मिक रहस्यों का हुआ उद्घाटन
रिपोर्ट:यश पांडे
सिराली। ब्रह्माकुमारीज़ की सहर्ष प्रस्तुति में आयोजित श्री शिवमहापुराण कथा ज्ञान महायज्ञ का आज सातवें एवं अंतिम दिवस पर भव्य समापन होगा। पूरे आयोजन के दौरान पांडाल में भक्ति, ज्ञान और योग का दिव्य वातावरण बना हुआ है।




कथा के दौरान आदरणीय ब्रह्माकुमारी नीलम दीदी जी ने शिवमहापुराण की पौराणिक कथाओं का रसपूर्ण वर्णन करते हुए उसके गहन आध्यात्मिक रहस्यों को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि आत्मा का सच्चा भोजन ज्ञान है, जो आत्मा को शक्तिशाली और पवित्र बनाता है।

दीदी जी ने माँ नर्मदा जयंती की शुभकामनाएँ देते हुए माँ नर्मदा को महाकाल की पुत्री बताया और उनके दिव्य महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आने वाले सात दिनों तक हम स्वयं की कथा सुनेंगे—आत्मचिंतन और आत्मपरिवर्तन ही सच्चा आध्यात्मिक मार्ग है।
प्रवचन के दौरान चारों आश्रमों का सुंदर वर्णन किया गया तथा जीवन में संयम, पवित्रता और सेवा के महत्व को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में व्यसन मुक्ति का संदेश देती भावपूर्ण नृत्य-नाटिका का मंचन भी किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
नगर के प्रतिष्ठित अतिथियों एवं ईश्वरीय सेवाओं में सहयोग देने वाले सेवाभावी जनों का सम्मान भी किया गया।
आज कथा समापन के अवसर पर महाकाल की आरती एवं प्रसादी वितरण का आयोजन रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि सिराली में सात दिनों तक चली शिवमहापुराण कथा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और ज्ञान का महायज्ञ बनी रही, जिसका आज श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य समापन होगा।




