*रात में एक्शन मोड में दिखे हरदा एसपी, चार थानों का औचक निरीक्षण* …….. *आधी रात में निरीक्षण से मची प्रशासनिक हलचल, हरदा एसपी ने परखी थाना व्यवस्था*…….. *हरदा जिले में रात का सरप्राइज चेक, एसपी शशांक पहुंचे थानों में* ……..




पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने मध्यरात्रि में 4 थानों का किया औचक निरीक्षण
रिपोर्ट:यश पांडे



हरदा।
पुलिस अधीक्षक जिला हरदा श्री शशांक द्वारा मध्यरात्रि में जिले के चार थानों—सिविल लाइन, छीपाबड़, रहटगांव एवं सिराली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन ड्यूटी, गश्त व्यवस्था, थाना परिसर की सुरक्षा, कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेखों का संधारण, मालखाना, हवालात तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का गहन परीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने रात्रि में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा की समीक्षा की। साथ ही थानों में दर्ज अपराधों, लंबित विवेचनाओं एवं प्राप्त शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री शशांक ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से शालीन व्यवहार, त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया।
इसके अतिरिक्त थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण संधारित करने हेतु आंगतुक रजिस्टर का भी अवलोकन किया गया। मध्यरात्रि में किए गए इस औचक निरीक्षण से थाना स्तर पर अनुशासन, सतर्कता एवं कार्यकुशलता को और अधिक मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।










