*रेल गेट पार किसानों को नहीं मिला नहर का पानी नाराज किसानों ने किया* *अनिश्चितकालीन धरना*….. *धरना स्थल पर पहुंचे कमिश्नर किसानों को दी समझाइश*





रेल गेट पार किसानों को नहीं मिला नहर का पानी, नाराज किसानों ने किया
अनिश्चितकालीन धरना…..
धरना स्थल पर पहुंचे कमिश्नर किसानों को दी समझाइश
रिपोर्ट:यश पांडे



खिरकिया
माचक नहर टेल क्षेत्र के ग्राम इकाई पाहनपाट, चौकड़ी, लोढ़ियाखेड़ी, सांगपुर व कुडावा सहित आसपास के गांवों के किसानों को नहर का पानी नहीं मिलने से किसानों में भारी आक्रोश देखा गया। पानी की समस्या से परेशान किसानों ने पाहनपाट रोड स्थित महादेव बाबा के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
धरने की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान विभागीय कमिश्नर कृष्णगोपाल तिवारी, एसडीएम, सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता सोनम एस, तथा एसडीओ रोहन विलियम सहित अन्य अधिकारी टेल क्षेत्र पहुंचे और किसानों से चर्चा की। किसानों ने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद नहर के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचाया जा रहा है।
अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर टेल क्षेत्र के सभी किसानों तक पानी पहुंचाया जाएगा। हालांकि किसानों का कहना है कि जब तक नहर से पानी नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरना स्थल पर तहसील अध्यक्ष रूपसिंह राजपूत, राहुल राजपूत, मीडिया प्रभारी दयाराम आमे सहित ग्राम इकाई के सभी किसान एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस संबंध में एसडीओ नहर खिरकिया रोहन विलियम ने बताया कि मुख्य कमांड क्षेत्र से पानी की मात्रा बढ़ा दी गई है और किसानों को समझाइश दी गई है कि शुक्रवार शाम तक पानी पहुंचा दिया जाएगा।










