*इतिहास से रूबरू हुए लिटिल लीडर्स स्कूल के विद्यार्थी: जयपुर शैक्षणिक भ्रमण से लौटे विद्यार्थी* ….*जयपुर यात्रा ने बढ़ाया ज्ञान और आत्मविश्वास, लिटिल लीडर्स स्कूल के बच्चों का शैक्षणिक भ्रमण सफल* ……. *आमेर से जंतर-मंतर तक, जयपुर भ्रमण में निखरा लिटिल लीडर्स के विद्यार्थियों का अनुभव* …… *व्यावहारिक शिक्षा की मिसाल बना लिटिल लीडर्स स्कूल का जयपुर शैक्षणिक भ्रमण*


जयपुर शैक्षणिक भ्रमण से लौटे लिटिल लीडर्स स्कूल के विद्यार्थी
रिपोर्ट: यश पांडे

हरदा।
समय के साथ शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बदलाव हो रहा है। अब शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित न रहकर व्यावहारिक ज्ञान से भी जुड़ चुकी है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए लिटिल लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल द्वारा कक्षा पांचवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को ऐतिहासिक नगरी जयपुर ले जाया गया।
इस एजुकेशनल ट्रिप में लगभग 50 विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य शामिल हुए। जयपुर प्रवास के दौरान विद्यार्थियों ने आमेर किला, जयगढ़ किला, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, बिरला मंदिर, हवा महल, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर सहित अन्य प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया। बच्चों ने न केवल इन स्थलों को देखा बल्कि उनके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी प्राप्त की।
विद्यालय के प्राचार्य एल.एन. राजपूत ने बताया कि यह स्कूल की पहली शैक्षणिक यात्रा थी, जिसे लेकर विद्यार्थियों एवं स्टाफ में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि जयपुर एक अत्यंत समृद्ध इतिहास और संस्कृति वाला शहर है, जहाँ बच्चों को सीखने के अनेक अवसर मिले।

वहीं विद्यालय संचालक यशपाल कुशवाह ने बताया कि लिटिल लीडर्स स्कूल हमेशा से गुणवत्तापूर्ण और व्यवहारिक शिक्षा के लिए जाना जाता है। यह जयपुर ट्रिप स्कूल के लिए एक नई उपलब्धि साबित हुई है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विद्यार्थियों के साथ-साथ स्टाफ के लिए भी एक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी थी, जिसे टीमवर्क और सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण ने विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और आत्मविश्वास में निश्चित रूप से वृद्धि की है।




