*प्रशंसा मीठा जहर है:- साध्वी प्रज्ञा श्री जी।* *धर्म सदा व्यक्ति के जीवन में मंगल करने वाला होता है:- साध्वी प्रणति श्री जी*









प्रशंसा मीठा जहर है:- साध्वी प्रज्ञा श्री जी।
धर्म सदा व्यक्ति के जीवन में मंगल करने वाला होता है:- साध्वी प्रणति श्री जी
रिपोर्ट:यश पांडे

खिरकिया :- दिनांक 19/07/2025 दिन शनिवार को समता भवन में विराजित आचार्य श्री रामलालजी महाराज साहब की आज्ञानुवर्ती शासन दीपिका श्री प्रज्ञा श्री जी महाराज साहब ने फरमाया कि मानव स्वभाव की दो मुख्य कमजोरी है पहले पाप के क्षेत्र में कहने से डरता है ,पर करने से नहीं डरता ! और दूसरा धर्म के क्षेत्र में कहने से नहीं डरता ,पर करने से डरता है। पाप के बंध से नहीं बदनामी से डरता है इसलिए पाप छुप कर करता है पर यह भूल जाता है कि एक न एक दिन पाप उदय में अवश्य आता है। धर्म करने में व्यक्ति जितने बहाने खोजना है उतने पाप के क्षेत्र में नहीं खोजता। अपनी प्रशंसा हर व्यक्ति को बड़ी प्रिय होती है आचार्य श्री नानेश ने कहा है “प्रशंसा मीठा जहर है”नोट गिनते हुए हमें नवकार याद नहीं आता पर नवकार गिनते समय नोट याद आ जाते हैं ।मन बड़ा ही चंचल है, एक जगह स्थिर नहीं रह पाता है।
इसके पूर्व श्री प्रणति श्री जी महाराज साहब ने फरमाया कि धर्म सदा व्यक्ति के जीवन में मंगल करने वाला होता है पर मंगल होगा या अमंगल यह हमारी दृष्टि पर निर्भर है। प्रकृति में सभी प्रकार के रस रहे हैं जो जैसा ग्रहण करता है वह वैसा बन जाता है। जिसकी जैसी दृष्टि होती है उसे दुनिया के लोग वैसे ही नजर आते हैं। हम अन्य व्यक्तियों के गुणों को देखें ,उनके गुणों की स्तुति करें और कोई हमारा अवगुण बताएं तो शांतिपूर्वक उसे सुनकर दूर करने का प्रयास करें। गुण सभी के भीतर है पर आवरण के कारण वे ऊपर नहीं उठ पाते। गुनीजनों के साथ रहकर उनके वर्णवाद करने से आत्मा सुलभबोधी होती है। आपस में सहयोग की भावना रखें सभी को साथ में लेकर चलना भी गुण परक दृष्टि का एक गुण है।
महासतीयों के मुखारविंद से धर्मसभा में मौसमी अक्षय भंडारी एवं सुमित भंडारी ने 9 उपवास के उपरांत डेढ़ पोरसी के तथा प्रतिदिन रात्रि संवर करने वाली,धर्मनिष्ठ संपत बाई सांड ने तीन (तेला तप)उपवास कर दृढ़ मनोवल का परिचय दिया।
इस अवसर पर इच्छापुर,इंदौर,देवास,अमेरिका,शाहपुर,आदि स्थानों के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
तप अनुमोदनार्थ अपने भावो कि अभिव्यक्ति सामूहिक रूप से शिखा भंडारी,सुचिता भंडारी,संगीता भंडारी,सुधा भंडारी,प्रियंका भंडारी आदि ने दी।









