*कानून व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा को लेकर बैठक संपन्न* *आमजन को जारी निर्देशों के प्रति जागरूक किया जाये : सांसद दर्शन सिंह चौधरी*









कानून व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा को लेकर बैठक संपन्न
आमजन को जारी निर्देशों के प्रति जागरूक किया जाये : सांसद दर्शन सिंह चौधरी
रिपोर्ट:,यश पांडे

नर्मदापुरम जिला कलेक्ट्रेट रेवा सभा कक्ष में शनिवार को कानून व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में शांति, सुरक्षा एवं समरसता बनाए रखने हेतु विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार वर्तमान स्थिति के संदर्भ में आपदा प्रबंधन की स्थिति में तत्काल कार्यवाही के लिए नागरिक सुरक्षा हेतु नियुक्त 12 सेवाओं (खोज एवं बचाव सेवाएं, आपूर्ति और संसाधन प्रबंधन सेवा, कानून व्यवस्था व पुलिस सेवा, इंजीनियरिंग और बुनियादी ढांचा सेवा, स्वयंसेवक प्रबंधन सेवा, अग्निशमन सेवा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, खाद्य पानी और आश्रय सेवा, संचार सेवा, परिवहन सेवा, जन सूचना एवं मीडिया सेवा तथा सामाजिक कल्याण और काउंसलिंग सेवा) के विषय में चर्चा हुई।
बैठक में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने मॉक ड्रिल व ब्लैकआउट की समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाओं की पूर्ति करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये और कहा कि आमजन को जारी निर्देशों के प्रति जागरूक किया जाये। बैठक में किसी भी प्रकार की आपदा के दौरान जिले में पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्य सामग्री, दूरसंचार सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सोशल मीडिया द्वारा अफवाहों फैलाने वालों पर कारवाई करने व सतत निगरानी रखने, आमजन को जागरूक करने एवं नागरिकों को सूचना प्रदान करने के लिए आवश्यक बंदोबस्त करने के लिए निर्देश दिए।
इस अवसर पर बैठक में लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी राज्यसभा सांसद माया नारोलिया,नर्मदापुरम विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, सिवनी मालवा विधायक डॉ. प्रेम शंकर वर्मा कलेक्टर सोनिया मीना पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी गण उपस्थित रहे।








